Wednesday, December 4, 2013

कठपुतली रोबोट

कठपुतली रोबोट
-----------------


उन्हें चाहिये थे  ढेरों रोबोट
पहली पीढ़ी के
जो न सोचें समझें न बोलें
बस कमान्ड समझें
आदेश मानें
**
गांव गली रोबोटिक संस्थान खुले
छात्रों के दिमाग खोले
भरे डाटा / झूंटे आंकड़े
काल्पनिक गाथाओं / कल्पित शत्रुओं के
धर्म युद्धों के
धार्मिक अधर्मिकता के
अतीत के
मिथ्याभिमान के
रूढियों / अत्याचारों के
विकारों के
इतिहास की
सायास विकृत समझ के
**
भर दिये शब्द
बदला लूंगा
फाईलों में / स्मृतियों मे
चस्पा कर दी छद्म छवियां / उकेर दी मुर्तियां
मन की भित्तीयों में
रोप दी युद्ध नीति / युद्धोन्माद
सतत घृणा
**
सील कर दिये गये मन / मस्तिष्क / विचार
बंद खिड़की / बंद द्वार
न ताजी हवा / न विविधता
गुमा दिये पासवर्ड
हर आदेश के लिये तैयार
क्या हुकुम मेरे आका
**
अलग रोबोट / अलग काम
लड़ने वाले / दंगे वाले
नंगे वाले
आग वाले / अफवाह वाले / विध्वंस वाले
नोचने वाले / भौंकने / टी वी पर बोलने वाले
वाचाल / चौंकने वाले
तनी भ्रकुटि / फूलती नासा / बिगड़ी भाषा
किस्म किस्म के रोबोट
और अब सुपर रोबोट

No comments:

Post a Comment