🔴 प्रधानमंत्री का लालक़िले से लाईव भाषण 🔵
मेरे प्यारे देशवासियों मैं लाल क़िले से बोल रहा हूँ.जानते हैं लाल किला को लाल किला क्यों कहते हैं ? क्योंकि
इसका रंग लाल है.(तालियाँ)पीला रंग होता तो पीला क़िला कहलाता,लेकिन 'हरा' होता तो हम उसे 'भगवा किला' कहते.(तालियाँ)
हमनें अभी लाल किला सेठ डालमिया को दिया है.अब आप चाहें तो इसे 'डालकिला' कह सकते है,चाहें तो 'लालमिया' कह सकते हैं.''शेख़'स्पियर'' ने कहा है कि नाम में क्या रखा है.गुलाब को चाहे गेंडा....मेरा मतलब गेंदा के नाम से पुकारें,गुलाब गुलाब ही रहेगा (तालियाँ).मित्रों...आप जानते हैं कि गुलाब के फूल से गुलकंद बनती हे जिसे सब पान में डालते हैं.
पान से याद आया कि बेरोजगार नौजवानों को पान की गुमटी लगाना चाहिये.पान के साथ बीड़ी-सिगरेट का बढिया कांबीनेशन है.हमारी सरकार ने पान वालों को निरोध भी बेचनें को दिये हैं.पान भी बेचें और कंडोम भी.मुनाफा का मुनाफा, बोनस में परिवार नियोजन.इस सरकार ने मज़दूरों का बोनस बढा दिया है.पिछली सरकारों का रिकार्ड खराब रहा है.तो मैं कह रहा हूँ कि पान का धँधा बढिया धँधा है.पान बेचो और गाने गाऔ-'खईके पान बनारस वाला',-'नीचे पान की दुकान ऊपर गौरी का मकान'.सरकारी नौकरी के पीछे मतभागो.पान की गुमटी खोलो.(तालियाँ)
जयहिंद.
फिर लाल क़िले पर आते हैं.यह बहुत बड़ा क़िला है.किला जोधपुर का भी बड़ा हैं.वही जोधपुर जहाँ सलमान खान हिरण मारकर जेल में बंद रहा है.सलमान खान इत्ता बड़ा एक्टर है.उसको बच्चन परिवार की ऐश्वर्या राय को पीटना नहीं चाहिये था.पीटना चाहिये था कि नहीं पीटना चाहिये था ? (तालियाँ)
तो प्यारे देशवासियों जोधपुर की जेल में परम पूज्य संत आसारामजी बंद है,किसी कन्या के साथ अठखेलियाँ करनें के आरोप में.क्या इस देश के ऋषि,मुनि,देवता सदा से ही महिलाओं से अठखेलियाँ करते आये हैं कि नहीं करते आये हैं ? बोलो करते आये हैं कि नहीं करते आये हैं ? (तालियाँ) गुरमीत राम रहीम भी कलोल करता था.करता था कि नहीं करता था ? (तालियाँ) संत अठखेलियाँ नहीं करेंगें तो कौन करेगा ? नारियों का उत्थान कौन करेगा ? सनातनकाल से ऐसे सुकृत्य होते आये हैं कि नहीं होते आये हैं ? (तालियाँ)
अठखेलियाँ से मुझे अस्ट्रेलिया याद आया.अस्ट्रेलिया मे कंगारू,क्रिकेट और कोयला पाया जाते हैं.कोयले से बिजली बनती है.उसी बिजली को अस्ट्रेलिया की क़ैद से छुड़ा कर लानें के लिये अपनी जान जोखिम पर डाल कर एक गुजराती भाई अडानी ने लोगों की भलाई के लिये संसार की सबसे बड़ी कोयला खदान ली है.वह वहाँ के निर्लज्ज,पिछड़े,जंगली आदिवासियों से जूझ रहा है,जो उसके कोयला निकालनें का विरोध कर रहे हैं.अस्ट्रेलिया से बिजली पकड़ कर लाना चाहिये कि नहीं लाना चाहिये ? (तालियाँ)
मियाँ बहादुरशाह ज़फ़र इसी लाल क़िले में बैठकर मोहम्मद रफ़ी की आवाज में करुण स्वरों में गाता रहता था-'लगता नहीं है दिल मेरा उजड़े दयार में'.कभी गाता-'न किसी की आँख का नूर हूँ'.उसकी सुनता कोई नहीं था.विदेश म्यांमार चला गया और वहीं माँडले जेल में मर गया.अब यंगून में उसकी क़ब्र है.अब गाने गा-'बेकसी का मज़ार हूँ'-'दो गज ज़मीं भी न मिली कू-ए-यार में'
'लालकिला मशहूर है.'लालकिला बासमती चावल' भी मशहूर है.बासमती चावल सँसार को हमारी देन है.पाकिस्तान यहाँ भी टाँग अड़ानें से बाज नहीं आया.बासमती चावल से बिरयानी बनती है.आर्थर जेल मुंबई मे बंद कसाब के नाम पर बिरयानी को निकम वकील साहब ने चिपका दिया.वकील जेटली भी अच्छे हैं और आरबीआई के गवर्नर उर्जित पटेल से नोट ही गिनवाते रहते थे.तो बात चावल की हो रही है.चावल से कल्पना चावला याद आई.इस देश की बेटी थी.उसे अमेरिका पढ़ने भेजा वह वहाँ से बहुत ऊपर आसमान में गई और ऊपर से ही ऊपर चली गई.उसे इतना ऊँचा नहीं जाना चाहिये था.जाना चाहिये था कि नहीं जाना चाहिये था ? (तालियाँ) जूही चावला भी अच्छी हिरोईन है.आजकल कुरकुरे बेच रही है.एक 'चावला जसबीर' भी है.उस पर फिर कभी कहूँगा.
मैं जल्दी फिर से लाल क़िले पर आता हूँ. 😀